जोगीवीर में दूसरे खंभे पर लाइन शिफ्ट करते बिजली कर्मी। स्रोत- निगम
दूबेपुर। बिजली व्यवस्था में मामूली सी बाधा भी सैकड़ों परिवारों की दिनचर्या बिगाड़ रही है। सोमवार को उतुरी गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के दो तारों के बीच पांच कौए चिपक गए। करंट से उनकी मौत के बाद लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे पकड़ी उपकेंद्र का उतुरी फीडर करीब 47 मिनट ठप रहा। इससे 20 गांवों के 1500 उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ा।
उतुरी गांव में निजी नलकूप के पास घटना सुबह 7:55 बजे हुई। तारों में कौओं के लटकने से आपूर्ति बंद हो गई। घरों में बिजली से जुड़े जरूरी काम प्रभावित हुए। ग्रामीणों को पेयजल और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। पवन कुमार, मनोज कुमार, नवनीत, मुन्ना तिवारी और बाबूलाल ने बताया कि सुबह 7:55 से 8:42 बजे तक बिजली नहीं आई।
अवर अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि तारों से कौओं को हटवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई। उधर टीपीनगर उपकेंद्र के रानीगंज फीडर पर सुबह 9:44 से 11:10 बजे तक ब्रेकडाउन रहा। अहिमाने फीडर के जोगीवीर मोहल्ले में खंभे पर लाइन शिफ्ट करने के चलते दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक बिजली बंद रही। अलग-अलग इलाकों में बार-बार बिजली बाधित होने से उपभोक्ता परेशान रहे।