कुड़वार (सुल्तानपुर)। अझुई गांव के प्रधान के नाती को रविवार की शाम पूर्व प्रधान के परिवारीजनों ने पीट दिया। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग के साथ ही पत्थरबाजी की गई। फायरिंग में पूर्व प्रधान के एक रिश्तेदार को पेट में गोली लग गई।
उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना के बाद कई थानों की पुलिस के साथ सीओ सिटी घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
क्षेत्र के अझुई गांव के प्रधान डॉ. इमाम अली का गांव के ही पूर्व प्रधान याहिया उर्फ नन्हें से चुनारी रंजिश चल रही है। रविवार की शाम पूर्व प्रधान के परिवार का अल्सम (20) प्रधान के भतीजे महफूज अली के बेटे मुंतजिर (11) को खेलने के लिए बुलाकर बाग में ले गया था।
जहां पूर्व प्रधान के परिवार के कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बाग से भागकर घर पहुंचे मुंतजिर ने परिवारीजनों को आपबीती सुनाई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई।
फायरिंग में याहिया उर्फ नन्हे के रिश्तेदार नाज आलम (25) पुत्र नियाज निवासी गंजेहड़ी थाना कुड़वार के पेट में गोली लग गई। नाज के घायल होते ही पूर्व प्रधान के घर वालों ने मौजूदा प्रधान के घर पर जमकर पत्थरबाजी की। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घायल नाज आलम को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ कुड़वार श्रीराम ने बताया कि घटना के बाद से दोनों परिवार के लोग फरार हो गए हैं। अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।