जगदीशपुर ब्लॉक के लिए स्वीकृत पहले अग्निशमन केंद्र की स्थापना कमरौली में होगी। प्रशासन ने यूपीएसआईडीसी को पत्र भेजकर इसके लिए कमरौली थाने के पीछे स्थित अपनी भूमि को निशुल्क उपलब्ध कराने को कहा है। प्रशासन के बाद कार्यदायी संस्था ने भी भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया जल्द पूरी कर आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाने की मांग की है।
प्रदेश सरकार ने बीते दिनों जिले के जगदीशपुर ब्लॉक में अग्निशमन केंद्र खोलने को मंजूरी दी थी। मंजूरी मिलने के साथ ही फायर ब्रिगेड का आवासीय व अनावासीय भवन बनाने का काम उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद को सौंपते हुए शासन ने प्रशासन से इसके लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने का आदेश दिया था।
शासन का आदेश मिलने के बाद जिलाधिकारी ने यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर कमरौली थाने के पीछे स्थित निगम की खाली पड़ी भूमि को अग्निशमन केंद्र के लिए आवंटित करने को कहा था। प्रशासन की ओर से पत्र लिखे जाने के बावजूद अब तक निगम द्वारा भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से परेशान उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की स्थानीय इकाई के परियोजना प्रबंधक समर उपाध्याय ने क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड को पत्र लिखकर भूमि आवंटन प्रक्रिया जल्द पूरी करने का अनुरोध किया है।