सुल्तानपुर। पखरौली गांव में मनरेगा से बन रहे चकरोड को एक खाता धारक ने जोतकर पानी भर दिया। प्रधान प्रतिनिधि की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पखरौली गांव में फतेपुर से सोनबरसा को जोड़ने के लिए सात दिनों से मनरेगा के तहत चकरोड का निर्माण चल रहा है। शनिवार की सुबह गांव के एक व्यक्ति ने अपने खेत के पास बने चकरोड को जोतकर उसमें पानी भर दिया।
प्रधान प्रतिनिधि राज बहादुर वर्मा मौके पर पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की तो वह उनसे भिड़ गया। राज बहादुर की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची और हवालात में डाल दिया। प्रधान प्रतिनिधि ने थाने में नामजद तहरीर दी है।