सौरमऊ-लोहरामऊ रेलवे फाटक के बूम में बुधवार की सुबह अचानक तकनीकी खराबी आ गई। बूम खराब होने से समपार फाटक खुल नहीं सका। गेट के बूम में आई खामी की वजह से कई ट्रेनों को कॉशन पर रवाना किया गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। करीब छह घंटे बाद बूम में आई कमी को दूर किया गया।
लखनऊ-वाराणसी रेलमार्ग स्थित सौरमऊ-लोहरामऊ मार्ग पर स्थित क्रॉसिंग संख्या-73 बी के बूम रॉड में बुधवार की सुबह चार बजे अचानक तकनीकी खराबी आ गई। बूम रॉड में खराबी से समपार फाटक का संचालन भी प्रभावित हो गया। मौके पर मौजूद रेल कर्मियों ने घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी।
साथ ही ट्रेनों के आवागमन के समय बूम रॉड के स्थान पर चेन लगाकर किसी तरह से काम चलाया। क्रॉसिंग संख्या-73 बी के बूम रॉड में आई कमी से लखनऊ-वाराणसी की ओर से आवागमन करने वाली ट्रेनों का संचालन कॉशन पर किया गया। वहीं, इलाहाबाद-फैजाबाद सड़क मार्ग से आने जाने वाले वाहनों को चेन लगाकर संचालित किया गया।
इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। रेल कर्मियों ने सुबह आठ बजे बूम को ठीक करने का कार्य शुरू किया। यह कार्य करीब छह घंटे तक चलता रहा। बूम ठीक होने के बाद ट्रेन और सड़क मार्ग का यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सका।