धम्मौर। विद्युत उपकेंद्र की एचटी लाइन में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे खराबी आने से बनकेपुर, धम्मौर और कूड़धाम फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे इन फीडरों से जुड़े सैकड़ों गांवों की करीब 70 हजार आबादी प्रभावित हुई। करीब दो घंटे तक बिजली गुल रहने से उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
अचानक बिजली आपूर्ति बंद होने से घरों में दैनिक कामकाज प्रभावित रहा। वहीं, दुकानों और छोटे कारोबार पर भी इसका असर पड़ा। सूचना पर बिजली कर्मचारियों ने खराबी का पता लगाने के साथ मरम्मत का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
अवर अभियंता सचिन यादव ने बताया कि एचटी लाइन में आई खराबी के कारण तीनों फीडरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी।
केबल जला, बिजली आपूर्ति बाधित
मोतिगरपुर। कस्बे के 250 केवीए ट्रांसफार्मर के केबल में बुधवार तड़के करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दियरा बाजार रोड की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना पर विद्युतकर्मी और जेई मो. अरशद मौके पर पहुंचे।
जेई ने बताया कि क्षतिग्रस्त केबल बदलने के लिए 80 मीटर नया केबल मंगाया गया है। केबल बदलने का काम पूरा होते ही कस्बे की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।