लंभुआ (सुल्तानपुर)। नगर पंचायत के 10 मुख्य वार्डों व एक दर्जन गांवों में मंगलवार सुबह आए फाल्ट से बिजली आपूर्ति ठप है। सुबह करीब साढ़े छह बजे अचानक 33 केवीए लाइन के भूमिगत केबल में तकनीकी खराबी आ गई। करीब चार घंटे बाद धारपुर के नजदीक रजबहा पटरी के किनारे से गुजरे भूमिगत केबल के फुंकने की जानकारी हो पाई। बिजलीकर्मी खराबी दूर करने में जुटे हैं। इससे नगर पंचायत क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित है।
पांडेयपुर स्थित उपकेंद्र के टाउन फीडर से नगर पंचायत के घनी आबादी वाले 10 वार्डों के उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाती है। इसी उपकेंद्र के पांडेयपुर फीडर से मदनपुर पनियार, शाहपुर हरिवंश, मुरली, रायपुर, पांडेयपुर, अंतपुर, धारपुर, रमनपुर व गोपालापुर आदि गांवों के उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाती है। इस उपकेंद्र को 132 केवीए रजवारे रामपुर से आपूर्ति होती है।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे 33 केवीए की इनकमिंग लाइन में फाल्ट आ गया। पहले तो लाइन ट्रिप हो गई जिसे फिर से चालू करने के लिए उपकेंद्र के कर्मियों ने प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। करीब चार घंटे बाद धारपुर गांव के बगल से गुजरी चांदा रजबहा पटरी के किनारे भूमिगत केबल दुरुस्त करने के प्रयास किए गए।
कई मजदूरों ने इस केबल को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। एसडीओ मृत्युंजय शर्मा व अवर अभियंता ओमप्रकाश चौधरी लगातार इस फाल्ट को दुरुस्त करने में लगे कर्मियों को निर्देश देते रहे। हालांकि, देर शाम तक फाल्ट दुरुस्त नहीं हो सका था।