सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद मेनका गांधी ने कहा कि आंदोलनरत किसानों को प्रधानमंत्री का प्रस्ताव स्वीकार करना चाहिए। बातचीत से समस्या का हल निकल सकता है।
पीएम सबका भला चाहते हैं। मुश्किल वक्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को बखूबी से संभाला है। अपने दौरे के दूसरे दिन बड़ौरा ख्वाजापुर में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन पर अपनी बात रखी।
इसके पहले बड़ौरा ख्वाजापुर में करीब 20 करोड़ रुपये से बनने वाले राजकीय पॉलिटेक्निक का शिलान्यास करते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेज अगले वर्ष तक बन जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इसके लिए आभार जताया।
इसके पहले बनी एवं छीटेपट्टी समेत आधा दर्जन चौपालों को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र में दी सौगातों की जानकारी दी। कहा कि डेढ़ वर्षों में 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत से मेडिकल कॉलेज, नवोदय विद्यालय, रेडियो एफएम सेंटर, राजकीय पॉलीटेक्निक व वन स्टॉप सखी सेंटर समेत कई कार्य संसदीय क्षेत्र में शुरू कराए।
अमहट तिराहे पर 60 करोड़ की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर की मंजूरी केंद्र सरकार से मिल गई है। जल्द ही उसका शिलान्यास कराया जाएगा। कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा देने में वरदान साबित होगा। शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक राजेश गौतम ने कहा कि अखंडनगर के लोगों का सपना साकार हो रहा है।
कार्यक्रम अध्यक्षता करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा ने कहा कि सांसद व विधायक के द्वारा क्षेत्र का चतुर्मुखी विकास किया जा रहा है। सांसद ने अखंडनगर के रूपईपुर में करीब 300 बीघा में फैली झील का जायजा लेते हुए इसे विकसित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रमों में उन्होंने पीड़ितों की समस्याएं सुनकर संबंधित को निस्तारण का निर्देश दिया। हड़ई के पूर्व प्रधान के घर पहुंचकर उनके निधन पर शोक संवेदना जताई। राहुलनगर में मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ युवाओं ने सांसद की अगवानी की।
इस मौके पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष संतबख्श सिंह चुन्नू, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, श्याम बहादुर पांडेय, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह त्रिलोकचंदी, आनन्द द्विवेदी, घनश्याम चौहान समेत कई लोग मौजूद रहे।