कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के लिए जमा संयुक्त किसान मोर्चा के लोग। स्रोत-सोश
सुल्तानपुर। देशव्यापी मजदूर हड़ताल के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को तिकोनिया पार्क में किसानों ने धरना दिया गया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपा। ज्ञापन में चार लेबर कोड वापस लेने, एमएसपी की कानूनी गारंटी व चीनी मिल शुरू करने की मांग की गई।
मोर्चा के जिला संयोजक शारदा प्रसाद पांडेय ने कहा कि यह हड़ताल मजदूर विरोधी चार लेबर कोड वापस लेने की मांग पर है। आरोप है कि नए लेबर कोड से आठ घंटे कार्यदिवस, न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और यूनियन बनाने जैसे अधिकार कमजोर होंगे। उत्तर प्रदेश किसान सभा के राज्य कमेटी सदस्य राधेश्याम वर्मा ने कहा कि हड़ताल में किसानों की मांगें शामिल हैं। इसमें बिजली के निजीकरण का प्रस्ताव वापस लेना, निजी बीज विधेयक निरस्त करना और एमएसपी को कानूनी दर्जा देना प्रमुख है।
जिलाध्यक्ष राजबहादुर यादव ने किसान सहकारी चीनी मिल को पुनः संचालित करने की मांग उठाई। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव ओमप्रकाश कोरी ने मनरेगा को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही। धरने के दौरान किसान नेता रामविशाल मौर्य, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रुपेश शुक्ल, लाल बिहारी मौर्य, छोटेलाल यादव, वीरेंद्र सिंह, हरीलाल सोनी, उदय राज गुप्ता, राजवती, पूनम, मो. कैफ समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।