उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर संदीप कुमार यादव को मांग पत्र देते परिजन। स्रोत-ग्रामीण
जयसिंहपुर। टाइल्स मजदूर इंद्राज (35) की मौत के मामले में पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने एक बार फिर अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। परिजन नामजद आरोपी की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, जमीन और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग पर अड़ गए।
सूचना पर शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे एसडीएम संदीप कुमार यादव और सीओ सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद अधिकारियों ने मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर एक बजे दियरा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
बसायतपुर गांव निवासी इंद्राज 26 सितंबर को पुरुषोत्तमपुर गांव के एक युवक के साथ गए थे। परिजनों के अनुसार मुक्ता बाबा अलावलपुर के पास वह घायल मिले थे। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ ले गए। करीब पांच दिन उपचार के बाद बुधवार रात उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया था। उनकी मांग पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर परिजनों ने एसडीएम और सीओ को ज्ञापन सौंपकर नामजद आरोपी की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, जमीन और आर्थिक सहायता की मांग की। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।