सुल्तानपुर। लंबित मांगाें को पूरा कराने के लिए आंदोलनरत लेखपाल शनिवार को तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का दो बजे तक बहिष्कार करेंगे। इसके बाद फिर काम करेंगे। इसी तरह मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेश संगठन के आह्वान पर शुक्रवार को लेखपाल संघ ने पांचों तहसीलों में एसडीएम को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। सदर तहसील में संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में एसडीएम गरिमा सोनकिया को तहसील में ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में संघ ने लेखपाल संवर्ग की वर्षों से लंबित मांगों में वेतन विसंगतियों के निराकरण, अंतर मंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति, भत्ता वृद्धि, रिक्त पदों पर पदोन्नति व अन्य सेवा संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी है। सदर तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि लेखपाल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनकी लंबित मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। मांगों के पूरा होने तक तहसील दिवस का बहिष्कार जारी रहेगा। ज्ञापन देने वालों में सर्वेंद्र पटेल, सुनील मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।