सुल्तानपुर। पुलिस ने क्षेत्र में नकली डीजल ऑयल बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नकली मोबिल ऑयल, रिफलिंग मशीन और अवैध स्टीकर बरामद किया है।
सीओ जयसिंहपुर दलवीर सिंह को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में नकली डीजल बनाकर बेचा जा रहा है। सीओ ने इसकी तह तक जाने का आदेश एसओ मोतिगरपुर रतन शर्मा को दिया था।
एसओ रतन शर्मा को रविवार की सुबह सूचना मिली कि दियरा बाजार के समीप बंधू मिश्र का पुरवा मोड़ के पास एक अवैध खंडहर नुमा मकान में कुछ लोग नकली मोबिल ऑयल बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसओ ने पुलिस टीम के साथ छापा मार दिया। छापे के दौरान नकली मोबिल तैयार कर रहे राजवंत सिंह निवासी नौगवां रायतासी दरबार का पुरवा थाना कुड़वार और राहुल सिंह निवासी राजेंद्र नगर गभड़िया कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम को मकान से नकली मोबिल तैयार करने में प्रयुक्त सामान, रिफलिंग मशीन, अवैध स्टीकर के साथ ही 13 लीटर सील पैक अवैध मोबिल, एक ड्रम 50 लीटर, एक नामी कंपनी का स्टीकर मिला। दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया।