सुल्तानपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन जिले के 32 केंद्रों पर रविवार को होगा। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 29,371 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 17,573 व उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 11,798 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए सुरक्षा व अन्य पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पिछली बार पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इस बार परीक्षा के आयोजन में शासन की ओर से पूरी मुस्तैदी बरती जा रही है। शासन ने नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। हर केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। एक पर्यवेक्षक माध्यमिक शिक्षा विभाग से तो दूसरा पर्यवेक्षक जिला प्रशासन से नियुक्त किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी परीक्षा के लिए लगाए गए हैं। प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक होगी। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर ढाई से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा सामग्री केंद्रों तक पहुंचाने व वापस कोषागार में लाकर जमा करने का जिम्मा सौंपा गया है।
प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 17,573 तथा उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 11,798 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में सभी अभ्यर्थियों को मास्क लगाकर आना होगा। केंद्रों के मुख्य द्वार पर थर्मल स्कैनर से तापमान मापा जाएगा। हैंड सैनिटाइजर अभ्यर्थियों के हाथ विसंक्रमित कराए जाएंगे। डीएम ने सभी केंद्राध्यक्षों व परीक्षा से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रश्नपत्रों का कार्टून बॉक्स खोलते समय व उत्तर पत्रक को सील करते समय की वीडियोग्राफी कराई जाए।