राजकीय इंटर कॉलेज से गैर जनपदों को भेजी जा रही उत्तर पुस्तिकाएं।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 23 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। शासन के निर्देश पर जिले के चारों मूल्यांकन केंद्रों पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं के सील्ड बंडल पहुंचने लगे हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 12 अप्रैल को समाप्त हो चुकी हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए चार केंद्र नामित किए गए हैं। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज, केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महाराणा प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज उतुरी व नेशनल इंटर कॉलेज कादीपुर शामिल हैं। चारों केंद्रों पर मूल्यांकन की व्यवस्था दुरुस्त कराई गई है। शिक्षण कक्षों की साफ-सफाई के साथ प्रकाश, प्रसाधन व पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया है। मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं के सील्ड बंडल पहुंचने लगे हैं। रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज में गैर जनपद से उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हुई हैं। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और प्रभारी डीआईओएस डॉ. आरजे मौर्य ने बताया कि 23 अप्रैल से मूल्यांकन शुरू होने की संभावना है। अभी तक शासन या बोर्ड से कोई आधिकारिक निर्देश नहीं आया है। हालांकि तीन-चार दिन के अंदर उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन केंद्रों पर प्राप्त हो जाने की उम्मीद है।
गैर जनपदों को भेजे गए 3756 सील्ड बंडल
जिले के 124 केंद्रों पर संपन्न हुई यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं रविवार को गैर जनपदों को भेजी गईं। सशस्त्र पुलिस बल की अभिरक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं को तीन ट्रकों से रवाना किया गया। उत्तर पुस्तिकाओं के 3756 बंडल तीन आरक्षित ट्रकों से अलग-अलग जनपदों को भेजे गए। इसमें इंटरमीडिएट के 2403 और हाईस्कूल के 1353 बंडल शामिल थे। रविवार को जीआईसी में प्रवक्ता पंकज कुमार सिंह, पंकज शुक्ला, गायत्री प्रसाद, केशव प्रसाद व अन्य कार्मिकों की उपस्थिति में बंडलों का मिलान कराते हुए ट्रकों पर लोड कराया गया।
इनसेट
परीक्षकों की ऑनलाइन लगेगी ड्यूटी
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आरजे मौर्य ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की ड्यूटी माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से ऑनलाइन लगाई जाएगी। सभी विद्यालयों से शिक्षकों का डेटा ऑनलाइन अपलोड किया गया है। राजकीय इंटर कॉलेज व महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज उतुरी में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकित होंगी। केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और नेशनल इंटर कॉलेज कादीपुर में हाईस्कूल स्तर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा।