अतिक्रमण हटाने के दौरान चौक में ठेला लादते नगरपालिका कर्मी। स्रोत- नपा.
सुल्तानपुर। नगर पालिका की ओर से शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज के नेतृत्व में पुलिस विभाग व नगर पालिका की संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों व पटरियों पर अतिक्रमण हटाया। कोतवाली नगर से मेडिकल कॉलेज के सामने पंजाबी मार्केट, आगरा चौराहा, चौक घंटाघर, ठठेरी बाजार, नेशनल टॉकीज रोड, बाधमंडी चौराहा, शाहगंज चौराहा से चौक घंटाघर में टीम ने अतिक्रमण हटवाया।
डाकखाना चौराहा से गुरुनानक देव मार्ग होते हुए अस्पताल तक सड़क की दोनों पटरियों पर अपनी दुकानें बढ़ाकर लगाने वाले दुकानदारों व पथ विक्रेताओं के अतिक्रमण से मार्गों व पटरियों को मुक्त कराया गया। नौ दुकानदारों व पथ विक्रेताओं पर कार्रवाई करते हुए 14500 रुपये जुर्माना भी लगाया गया। अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि नगर पालिका व पुलिस विभाग की ओर से नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों व पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का यह अभियान लगातार चलता रहेगा।