दरियापुर में कैंडल मार्च निकालते बिजली कर्मचारी संघ के लोग।
सुल्तानपुर। निगम के निजीकरण के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने सोमवार को कैंडल मार्च निकाला। आरोप लगाया कि पावर काॅर्पोरेशन प्रबंधन जानबूझ कर मौनी अमावस्या स्नान के पहले कर्मचारियों पर कार्रवाई का आदेश जारी कर अनावश्यक अशांति का वातावरण बना रहा है। संघर्ष समिति ने प्रयागराज के बिजली कर्मचारियों को 30 जनवरी तक कोई आंदोलन नहीं करने और महाकुंभ में बिजली व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी है।
संघर्ष समिति के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों, संविदाकर्मियों और अभियंताओं ने शाम को दरियापुर मंडल कार्यालय से कैंडल मार्च निकाला। जो ओवरब्रिज के पास पहुंचकर समाप्त हुआ। मोमबत्ती जुलूस के माध्यम से बिजलीकर्मियों ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम व दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रति अपना विरोध दर्ज किया। बिजलीकर्मियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
निर्णय लिया कि 28 जनवरी को बिजलीकर्मी विरोधसभा करने के बाद मोमबत्ती जुलूस निकालेंगे। मोमबत्ती जुलूस व बैठक में हिस्सा लेने वाले बिजली कर्मचारियों की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराने के प्रबंधन के आदेश पर संयुक्त समिति ने नाराजगी जताई। जुलूस में इंजीनियर अंजनी कुमार, विशाल, जगदीश पटेल, अरुण कुमार, आनंद, सोनम, माधव, मृत्युंजय, अमित, विश्वजीत, अमरजीत समेत अन्य शामिल रहे।