दूबेपुर। मरम्मत के लिए ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र के दो फीडरों की बिजली आपूर्ति रविवार को चार घंटे तक बाधित रही। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। छुट्टी के दिन कटौती से उपभोक्ताओं का कार्य प्रभावित रहा।
अहिमाने फीडर की बिजली आपूर्ति सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बंद रही। इस दौरान फीडर की हाईटेंशन लाइन के आसपास मौजूद पेड़ों की डालियों की कटाई-छंटाई, जर्जर तारों और कमजोर इंसुलेटर को बदला गया। ढीले तारों को कसा गया। नारायनपुर फीडर पर सुबह सात से आठ बजे व 11 से दो बजे तक दो शिफ्टों में शट-डाउन लेकर पयागीपुर चौराहे पर एचटी लाइन के नीचे सुरक्षा तार बिछाए गए और लक्ष्मणपुर मोहल्ले में नया खंभा लगाया गया।
अवर अभियंता प्रवीन त्रिपाठी ने बताया कि आगामी गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए उपकेंद्र के सभी फीडरों की एचटी लाइनों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नारायनपुर व अहिमाने फीडर पर मरम्मत कार्य कराया गया। दोपहर दो बजे इन दोनों फीडर का संचालन सामान्य कर दिया गया। इसके बाद उपभोक्ताओं को राहत मिली।