सुल्तानपुर। आपूर्ति के दौरान शुक्रवार की सुबह से शहर का डाकखाना उपकेंद्र बंद कर दिए जाने से लोग परेशान हो गए। बंदी की पूर्व सूचना के बाद भी शहर की करीब 50 हजार आबादी बिजली के अभाव में दिक्कतों से गुजरी। इस दौरान वितरण खंड ने उपकेंद्र की मरम्मत का कार्य कराया एवं बाजार में हाईटेंशन लाइन की गार्डिंग की। शाम चार बजे उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे शहर का डाकखाना उपकेंद्र मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिए जाने से लोग परेशान हो उठे। हालांकि बंदी की सूचना वितरण खंड ने पहले से ही घोषित कर दी थी लेकिन काफी लोग इसे लेकर सजग नहीं रहे। दिन में उमस भरी गर्मी से बिजली के अभाव में शहर की करीब 50 हजार आबादी परेशान रही। बंदी को लेकर सजग नहीं रहने वाले परिवारों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
दिन में बिजली नहीं रहने से सरकारी कार्यालयों में कामकाज काफी प्रभावित रहा। हालांकि उपकेंद्र को सात घंटे सुबह नौ से शाम चार बजे तक बंद किया गया था लेकिन इसमें आपूर्ति के दौरान पांच घंटे ही बिजली आपूर्ति बंद रही। बंदी के दौरान वितरण खंड ने डाकखाना उपकेंद्र की मरम्मत का कार्य कराया। शहर की प्रमुख बाजार में हाईटेंशन लाइन के नीचे गार्डिंग की गई। एसडीओ एके सिंह ने बताया कि उपकेंद्र की मरम्मत का कार्य पूरा करके शाम सवा चार बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई। दिन में कटौती को देखते हुए शाम को डाकखाना उपकेंद्र पर रोस्टिंग नहीं की गई।