सुल्तानपुर। तेज हवा से ग्रामीण क्षेत्रों में दिन की बिजली आपूर्ति ठप रहती है। रोजाना करीब छह घंटे बिजली कटौती हो रही है। गर्मी शुरू होते ही बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। खेतों की सिंचाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।
पिछले एक सप्ताह से ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह 11 से शाम पांच बजे तक बिजली कटौती शुरू हो गई है। करीब छह घंटे की बिजली कटौती से ग्रामीणों के सामने समस्या पैदा हो गई है। लगातार कटौती से गांवों में लगे इक्का-दुक्का इन्वर्टर भी छह घंटे में डिस्चार्ज हो जा रहे हैं। बिजली की कटौती व इन्वर्टर डिस्चार्ज होने से लोगों के दोपहर में पंखे व कूलर नहीं चल पा रहे हैं।
इसकी वजह से ग्रामीणों को दोपहर में गर्मी की परेशानी झेलनी पड़ रही है। छह घंटे की कटौती के पीछे विद्युत वितरण निगम फसलों के नुकसान का हवाला दे रहा है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि रबी की फसलें तकरीबन तैयार हैं।
तेज हवा में तारों के आपस में टकराने से फसलों में आग लगने से नुकसान की संभावना बनी रहती है। नुकसान को बचाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर को बिजली कटौती की जा रही है। इसमें कुछ देर कटौती व कुछ घंटे का रोस्टर भी है।