सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे चार प्रत्याशियों को विभिन्न वित्तीय मामलों में नोटिस जारी हुई है। प्रत्याशियों से नोटिस के जरिए जवाब मांगा गया है। पहले चरण के मिलान के बाद निर्वाचन विभाग ने प्रत्याशियों पर खर्च को लेकर शिकंजा कस दिया है।
विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों के पहले चरण में खर्च की गई धनराशि का मिलान शुरू हो गया है। पहले चरण में खर्च की गई धनराशि के मामले में चार प्रत्याशियों के वित्तीय मामलों में खामी पाई गई है। इसमें कांग्रेस के लंभुआ प्रत्याशी की ओर से चुनाव में खर्च की गई धनराशि के मिलान के दौरान बैंक रजिस्टर व कैश रजिस्टर अपूर्ण पाया गया है। लंभुआ के ही एक प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद मौर्य की ओर से चुनाव की राशि निर्वाचन खाते से खर्च किया जाना नहीं पाया गया है।
इसी तरह सदर विधानसभा क्षेत्र के एक प्रत्याशी अनिल कुमार और कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी हरीलाल की ओर से भी निर्वाचन के लिए बैंक का अलग खाता नहीं खोला। वित्तीय मामलों को लेकर चारों के प्रत्याशियों के खिलाफ निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। लेखा-व्यय अनुवीक्षण टीम के प्रभारी वरुण खरे ने बताया कि प्रत्याशियों से संबंधित मामलों में जवाब मांगा गया है।