सुल्तानपुर। विधान परिषद की एक सीट के लिए तीन मार्च को जिले में मतदान होगा। मतदान में ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य, नगर पंचायत के सदस्य समेत अन्य हिस्सा लेंगे। चार फरवरी से कलेक्ट्रेट में नामांकन शुरू हो जाएगा। आयोग के आदेश पर जिलाधिकारी ने भी एमएलसी चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
जिले में पांचवें चरण में हो रहे विधानसभा चुनाव के बीच ही एमएलसी चुनाव का भी डंका बज गया है। सात मार्च को समाप्त हो रहे एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह के कार्यकाल को देखते हुए आयोग ने चुनावी कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले में एमएलसी चुनाव के लिए चार से 11 फरवरी तक नाम निर्देशन किए जा सकेंगे। 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच व 16 फरवरी को नाम वापस लिए जा सकेंगे। तीन मार्च को सुबह आठ से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतों की गणना 12 फरवरी को कराई जाएगी। आयोग की ओर से सुल्तानपुर-अमेठी के कुछ ब्लॉकों को मिलाकर बनाए गए विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दिए जाने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता के निर्देश पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। एमएलसी चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट में नामांकन कराए जाएंगे। इसके निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी स्वयं होंगे। अधिकारियों के मुताबिक जिलाधिकारी के जनता दर्शन कक्ष को एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन कक्ष बनाने की तैयारी चल रही है।
प्रधान, बीडीसी, डीडीसी, नगर पंचायत के सदस्य करेंगे मतदान
जिले की इकलौती विधान परिषद सीट का चुनावी कार्यक्रम जारी होते ही प्रशासन मतदाता सूची को अंतिम रूप देने में जुटा है। एमएलसी के लिए ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर पंचायत के सदस्य, नगर पालिका के सदस्य, विधायक व सांसद मतदान करेंगे। अमेठी के कुछ विकास खंडों को मिलाकर गठित सुल्तानपुर एमएलसी सीट का आयोग ने गठन किया है। इसे देखते हुए चुनाव में अमेठी के करीब आठ विकास खंडों के ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य आदि वोटिंग करेंगे। चुनाव में दोनों जिलों को मिलाकर करीब साढ़े तीन हजार मतदाता वोटिंग में हिस्सा लेंगे।