भदैंया। कोतवाली देहात के सातनपुर निवासी पवन कली (85) शनिवार शाम करीब छह बजे घर से बाहर निकलीं। इसी बीच घर के बाहर टहल रहे सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से आक्रामक हुए सांड़ को घटनास्थल से भगाया। पवन कली के पति मतई का पहले ही निधन हो चुका है।
ग्रामीणों के मुताबिक पवनकली घर में अकेली रहती थीं। उनकी गोद ली हुई एक बेटी है, उसका भी विवाह हो चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि सांड़ पिछले 10 दिन से टहल रहा था। कुछ दिनों से वह खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था। उसे खदेड़ने पर लोगों को दौड़ा ले रहा था।
शनिवार दोपहर बाद सांड़ गांव में आ गया था। वह टहलते हुए पवन कली के घर के पास पहुंच गया। इस बीच वह जैसे घर से बाहर निकलीं। तभी सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में है। कोतवाली के देहात प्रभारी कोतवाल हवलदार सिंह यादव ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पशु चिकित्साधिकारी भदैंया डाॅ. बीबी यादव ने बताया कि सांड़ को गोआश्रय स्थल पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
फसलों के साथ ही लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रहे जानवर
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में इन दिनों छुट्टा मवेशियों की संख्या काफी बढ़ गई है। यह फसलों के साथ ही लोगों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कोतवाली देहात के उतुरी, परसनपुर निवासी रामदीन कोरी की मां फूला देवी पर गत 28 जुलाई की शाम गांव के बाग में सांड़ ने हमला कर दिया था। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। भपटा गांव निवासी सरिता करीब चार माह पहले घर के सामने खेत में घुसे मवेशियों को हटाने पहुंची। मवेशियों में शामिल एक सांड़ ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। बेलासदा निवासी राजितराम दुबे व हरसिंगार यादव पर भी सांड़ ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।