सुल्तानपुर। शहर के अमहट चौकी के गोराबारिक इलाके में शनिवार देर शाम रोडवेज बस की चपेट में आने से डिहवा निवासी साइकिल सवार दशरथ (60) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस लेकर चालक भाग निकला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दशरथ देर शाम करीब छह बजे साइकिल से अमहट की ओर से शहर आ रहे थे। गोराबारिक स्थित पेट्रोल पंप के सामने विपरीत दिशा से जा रही रोडवेज बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में चोट लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बस रोकने की कोशिश की। बस लेकर चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों के मुताबिक बस अमेठी डिपो की थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कोतवाली नगर पुलिस को दुर्घटना के बारे में जानकारी दी।
अमहट चौकी इंचार्ज रजत पांडेय ने बताया कि बस के बारे में डिटेल पता नहीं चल सकी है। मृतक की जेब में मिले मोबाइल के जरिये उनके परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों से वार्ता होने पर शव की शिनाख्त की गई। घरवालों को दुर्घटना के बारे में जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।