भदैंया। हनुमानगंज बाजार में पीपीआर बीमारी फैलने से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। पिछले 15 दिनों में बीमारी की चपेट में आकर आठ बकरियों की मौत हो चुकी है।
जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। हनुमानगंज निवासी आशिक की 12 हजार रुपये की बकरी और अब्दुल्ला के आठ हजार रुपये के बकरे की मौत हो गई। शाहजहां और पूर्व प्रधान की छह-छह महीने की बकरियों ने दम तोड़ दिया। इनके अलावा चार अन्य बकरियों की भी मौत हुई है।
हरिपुर बंधवा के पशुधन प्रसार अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि बीमार बकरियों को स्वस्थ पशुओं से अलग रखें। पशु चिकित्सक की सलाह से पीपीआर का टीका लगवाएं। बाड़े की नियमित फिनाइल से सफाई करें। मृत पशुओं को चूना डालकर गहरे गड्ढे में दबाएं। संवाद