भदैंया। कोतवाली देहात के अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर उतुरी गांव के पास शनिवार देर शाम बेकाबू कार की चपेट में आने से ई रिक्शा चला रहे पूरे महोबशाह अलहदादपुर निवासी शिव शंकर (35) की मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है। ्र
परिजनों के अनुसार शिवशंकर ई रिक्शा चलाते थे। रोजाना की तरह शनिवार सुबह वह घर से ई रिक्शा लेकर शहर गए थे। देर शाम वह शहर से घर लौट रहे थे। रास्ते में उतुरी प्लाईवुड फैक्टरी के पास बेकाबू कार से टकरा गए। दुर्घटना में शिवशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ई रिक्शे पर अन्य कोई व्यक्ति सवार नहीं था।
ग्रामीणों की मदद से शिवशंकर को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर पहुंचाया गया। ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।