शहर में मेडिकल कॉलेज के पास जाम में फंसे वाहन। संवाद
सुल्तानपुर। शहर में जाम की समस्या अब और विकराल हो गई है। बाजारों और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और सहालग के सीजन में निकलने वाली बरातों से दिन-रात सड़कों पर रफ्तार थमी रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, स्कूली बच्चों और रोजाना काम पर आने-जाने वालों को उठानी पड़ रही है।
बृहस्पतिवार रात सुल्तानपुर–लखनऊ हाईवे पर गभड़िया ओवरब्रिज पर लंबा जाम लग गया। आसपास के मैरिज लानों में कई वैवाहिक कार्यक्रम होने से एक साथ बरातें निकलने लगीं। तीन घंटे तक लगे जाम से वाहनों की कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। देर रात 11 बजे यातायात सामान्य हो सका। यही स्थिति दरियापुर से पयागीपुर, बाधमंडी से लोहरामऊ बाईपास, मेडिकल कॉलेज तिराहे से करौंदिया ओवरब्रिज तक रही।
शुक्रवार दोपहर भी हालात अलग नहीं थे। मेडिकल कॉलेज से जीएन रोड तक सड़क की पटरियों पर ठेले और अस्थायी दुकानें लगी रहीं, जिससे सड़क सकरी हो गई। गल्लामंडी से घंटाघर मार्ग पर डिवाइडर के बीच दुकानों और अवैध पार्किंग ने स्थिति और खराब कर दी।