चांदाकुड़वार (सुल्तानपुर)। तेज रफ्तार डंपर बुधवार को साइकिल से जा रहे किशोर को कुचलता हुआ निकल गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उधर, सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर एक बाइक ने प्रौढ़ किसान को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी भी अस्पताल में मौत हो गई
प्रतापगढ़ जिले के महरूपुर निवासी शौकत का पुत्र गुलफान (14), शेबू तातोमुरैनी में अपने रिश्तेदार के यहां आया था। बुधवार दोपहर वह साइकिल से वापस अपने घर जा रहा था। तातोमुरैनी बाजार के पास तेज रफ्तार डंपर उसे कुचलता हुआ निकल गया। डंपर का पहिया उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया था।
आसपास से लोग दौड़कर मौके पर आए और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीपी कमैचा ले जाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। चांदा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि डंपर चालक फरार है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है।
उधर, थाना क्षेत्र कुड़वार के गंजेहड़ी गांव के पास सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर बुधवार दोपहर पूरे शिवदयाल गजेहड़ी निवासी राम अचल मिश्र (58) खेत से काम करके घर लौट रहे थे। गांव के पास सड़क पार करते समय अचानक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे रामअचल गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोग व परिजनों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल ने बताया कि बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बाइक सवार फरार हो गया है।