सुल्तानपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की पांच महिलाएं प्रशिक्षण लेने के बाद अब खेतों में ड्रोन उड़ाएंगी। ड्रोन से फसलों में उर्वरक और दवाओं का छिड़काव करेंगी। इन महिलाओं को लखनऊ के इंदिरा नगर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सहकारिता विभाग की ओर से दूबेपुर के महायतपुर निवासी अंजलि जायसवाल, दूबेपुर निवासी दीपिका श्रीवास्तव, मोतिगरपुर के रामपुर बिरतिहा निवासी रीना वर्मा, शीला यादव व प्रतापपुर कमैचा के सदरपुर निवासी शीला वर्मा 10 दिवसीय प्रशिक्षण ले रही हैं। विभाग की मांग पर एनआरएलएम ने छह महिला स्वयं समूह की छह महिलाओं की सूची भेजी थी, लेकिन इसमें एक रेखा यादव की तबीयत खराब होने से वह नहीं जा सकीं।
मिशन प्रबंधक मोहम्मद जासेफ ने बताया कि महिलाओं को इफ्को कंपनी की ओर से 80 फीसदी अनुदान पर ड्रोन उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें 20 फीसदी अंशदान संकुल संगठन को जमा करना होगा। उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि प्रशिक्षण पाईं महिलाएं खेतों में ड्रोन के जरिए फसलों में उर्वरक व दवाओं का छिड़काव करेंगी। इससे होने वाली आय में थोड़ा हिस्सा संकुल संगठन को जाएगा, और शेष ड्रोन संचालक महिलाओं को मिलेगा। छिड़काव का रेट जल्द तय होगा।