सुल्तानपुर। एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी हो गया है। 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलिंडर के बजाय कमर्शियल सिलिंडर का मूल्य अदा करना होगा। गैस कंपनियों की ओर से एजेंसी धारकों काे निर्देश जारी किया गया है। जिले में करीब छह लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 1.50 लाख ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।
वर्तमान में 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलिंडर 996.50 रुपये में मिल रहा है। 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 2,960 रुपये है। इस हिसाब से घरेलू एलपीजी की कीमत करीब 67.29 रुपये प्रति किलो पड़ती है, जबकि कमर्शियल सिलिंडर में करीब 155.26 रुपये प्रति किलोग्राम है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि राशन कार्ड धारकों की तरह एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए भी ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने सत्यापन नहीं कराया है।
एजेंसी या मोबाइल एप से करा सकते हैं ई-केवाईसी
जिला एलपीजी वितरक एसोसिएशन के सचिव विनोद राना ने बताया कि उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। जिला एलपीजी वितरक एसोसिएशन के अध्यक्ष जियाउल हसनैन ने बताया कि संबंधित गैस वितरण कंपनी के मोबाइल एप के माध्यम से भी घर बैठे ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय रहते सत्यापन कराने की अपील की है।