फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टेंट में लगी डीएम की चौपाल

Sat, 16 Jan 2016 11:40 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
पीपीकमैचा ब्लॉक क्षेत्र में गोपालपुर गांव के प्राइमरी विद्यालय में शुक्रवार शाम तक टेंट आदि की व्यवस्था की जा चुकी थी। शाम ढलने के साथ ही अफसरों की गाड़ियां पहुंचने लगीं। कुछ देर में नीली बत्ती लगी डीएम की कार भी पहुंच गई। तब तक ग्रामीणों व अधिकारियों का मजमा लग चुका था। फिर शुरू हुई अधिकारियों के साथ समीक्षा और ग्रामीणों के साथ चर्चा।
विज्ञापन


गांव में टेंट के नीचे एक पंक्ति में डीएम एस राजलिंगम, सीडीओ राम यज्ञ मिश्र अधिकारियों के साथ बैठे तो सामने गांव की महिलाएं व पुरुष थे। पहली बार गांव पहुंचा अधिकारियों का लाव-लश्कर देखने बच्चे भी पहुंचे थे। पहले तो डीएम व सीडीओ ने गांव के विकास कार्यों की जानकारी ली। फिर ग्रामीणों के साथ चर्चा के दौरान किसी से वृद्घावस्था पेंशन तो किसी से आवास के बारे में पूछा।

सड़क व बिजली के बारे में भी चर्चा की। बिजली कब आती है कितनी देर रहती है। गांव में कितने नौकरी पेशा लोग हैं तो कितने लोग खेती करते हैं। डीएम व सीडीओ के प्रश्नों का जवाब देने के लिए महिलाएं व पुरुष उत्सुक रहे। अधिकारियों का सवाल निकला नहीं कि उत्तर देने वाले कई हो जाते थे। बीच-बीच में नवनिर्वाचित प्रधान गायत्री भी जानकारी दे रही थीं।
विज्ञापन


अधिकारियों ने समस्याएं सुनीं तो मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच पेंशन, आवास, संपर्क मार्ग आदि का प्रस्ताव भी प्रधान व सेक्रेेटरी सेे पास करवाया। एक भूमि संबंधी विवाद को भी नायब तहसीलदार को भेजकर निस्तारित करवाया। ग्रामीणों के साथ चर्चा के दौरान रात के 10 बज गए। इस बीच गांव पहुंचे विभागीय अधिकारी निकलने लगे। ग्रामीणों को लगा कि डीएम व सीडीओ भी निकल जाएंगे। डीएम एस राजलिंगम व सीडीओ राम यज्ञ मिश्र विद्यालय में ही रुक गए।

चौपाल में किया भोजन
रात करीब 10 बजे डीएम एस राजलिंगम व सीडीओ राम यज्ञ मिश्र ने अधिकारियों के साथ विद्यालय में बना भोजन किया। जिला स्तरीय अधिकारियों के निकलने के बाद विद्यालय परिसर में अलाव के सामने कुछ देर ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी दिनचर्या को जाना।

उसके बाद विद्यालय के कमरे में लगे बिस्तर पर रात बिताई। सुबह विद्यालय के प्रसाधन का इस्तेमाल किया। इस बीच प्रधान पति व प्रधान समेत कई लोग विद्यालय पहुंच गए थे। डीएम व सीडीओ ने उनके साथ सुबह की चाय पी और फिर ग्रामीणों से विदा ली।

ग्रामीण नहीं कर पा रहे थे यकीन
डीएम व सीडीओ का गांव में रात्रि निवास करने का निर्देश तो पहले से ही जारी हो चुका था। पर, ग्रामीणों को यकीन नहीं हो रहा था कि सुविधाओं का भोग करने वाले अफसर गांव में रुकेंगे। उन्हें लग रहा था कि अफसर चर्चा करने के बाद रात में वापस चले जाएंगे। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने गांव से डीएम व सीडीओ को विदा किया तो वे बोल पड़े शासन का आदेश तो हर बार होता है लेकिन पहली बार जिले के किसी गांव में डीएम व सीडीओ रुके।

नजदीक से हुई दिनचर्या की जानकारी
शासन के आदेश पर गोपालपुर गांव में रात बिताने वाले डीएम एस राजलिंगम व सीडीओ राम यज्ञ मिश्र का कहना है कि गांव की आबोहवा व ग्रामीणों के बीच रात बिताना काफी अच्छा लगा। इसी बहाने ग्रामीणों के दिनचर्या की भी जानकारी नजदीक से हुई। इससे जानकारियां भी बढ़ती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें