सुल्तानपुर। 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्य सुस्त मिले हैं। पर्यटन विकास निगम का कार्य विलंब से शुरू होने पर परियोजना प्रबंधक व अनुपस्थित रहने पर सीएलडीएफ के अवर अभियंता पर कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश डीएम इंद्रजीत सिंह ने दिए।
उन्होंने कार्य में सुस्ती पर सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी, सीएलडीएफ, राज्य पर्यटन विकास निगम, राजकीय निर्माण निगम, यूपीपीसीएल सहित कई अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को फटकार लगाई। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार देर रात समीक्षा के दौरान कूरेभार के किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र, सेतुओं का निर्माण, सड़क की परियोजनाओं का कार्य धीमा मिला।
डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को अपने कार्य पूर्ण करने की तिथि को पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागीय अधिकारियों से निर्माणाधीन परियोजनाओं के साप्ताहिक निरीक्षण की आख्या मांगी है।
डीएम ने स्वयं निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करने का ऐलान किया है। परियोजनाओं के धीमे कार्य से नाराज डीएम ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का एक दिन का वेतन रोकने के लिए पत्र लिखने क निर्देश दिए।
लघु सेतु के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं दिए जाने पर पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंक सुधारने के निर्देश संबंधित को दिए। डीएम की मौजूदगी में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने नमामि गंगे, फैमिली आईडी, युवा कल्याण विभाग, पीडब्ल्यूडी, सीएम युवा उद्यमी योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा।