सुल्तानपुर। विजेथुआ में वाल्मीकि रामायण सुना रहे चित्रकूट के तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य से आशीर्वाद लेने उनके शिष्य बागेश्वर धाम के पीठाधीश आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को जिले में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया। कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र है और जब तक हम रहेंगे, हिंदू राष्ट्र की पैरवी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा तो दुनिया में कीर्ति पताका फहराएगी। उन्होंने स्वामी रामभद्राचार्य जी से मिलकर आगामी सात नवंबर को दिल्ली से शुरू होने वाली पदयात्रा के लिए उन्हें आमंत्रित किया। साथ ही सुल्तानपुर और उत्तर प्रदेश वालों को भी पदयात्रा में आने का न्योता दिया।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को निजी हवाई जहाज से शाम करीब 4:15 बजे अमहट हवाई पट्टी पर पहुंचे, यहां डीएम कुमार हर्ष, एसपी कुंवर अनुपम सिंह समेत अधिकारियों व भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। शाम 4:42 बजे वह हवाई पट्टी से विजेथुआ जाने के लिए निकले, यहां हजारों की भीड़ ने जय श्रीराम का नारा लगाकर उनका स्वागत किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पदयात्रा सात नवंबर को दिल्ली से शुरू हो रही है जो 17 नवंबर को मथुरा पहुंचेगी। 10 दिनों की इस पदयात्रा में हम संत महात्माओं को आमंत्रित करने के लिए लगातार जा रहे हैं। इसी क्रम में हमारे गुरुदेव सुल्तानपुर जिले में विराजमान हैं, तो हम उन्हें आमंत्रित करने और दर्शन के साथ आशीर्वाद लेने आए हैं। भारत हिंदू राष्ट्र है और जब तक हूं, हिंदू राष्ट्र की पैरवी करता रहूंगा।
20 मीटर की दूरी तय करने में लगे आधे घंटे
अमहट हवाई अड्डे के बाहर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दर्शन के लिए हजारों की भीड़ जमा थी। भीड़ को हटाने के लिए काफी पुलिसकर्मी भी थे, लेकिन अनुयायियों के उत्साह के आगे इंतजाम बौने साबित हुए। यहां से बाहर निकलकर 20 मीटर की दूरी तय करने में करीब आधे घंटे का समय लग गया।
संतों का करें सम्मान, इनमें नहीं होता कोई क्लेश
विजेथुआ महावीरन स्थित हनुमान जी का दर्शन करने के बाद आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मथुरा में प्रेमानंद जी महाराज से मिलने के बारे में बताया कि वह बहुत बड़े संत हैं। संतों में कभी क्लेश नहीं होता, गुरुदेव ने आशीर्वाद दिया है, अभूतपूर्व था, हम कहेंगे कि आप संतों का सम्मान करो। पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार के सवाल पर कहा कि इसीलिए हम कहते हैं कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाया जाय।
मंच से लगवाया हम सब हिंदू भाई-भाई का नारा
विजेथुआ में बने कथा मंच से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि एक दिन ऐसा आएगा, जब गुरु राम भद्राचार्य के संरक्षण में भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा। जातियों के अभिमान को छोड़कर हम सबको एक होना पड़ेगा। उन्होंने छुआछूत की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई का नारा लगवाया। कहा कि अंग्रेजी विद्यालयों को बंद कर उसे संस्कृत विद्यालयों में बदलना होगा। मंदिरों के साथ विद्यालयों को जोड़ना पड़ेगा।