सुल्तानपुर। जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन के स्थान पर एडीएम वित्त को मुख्य खरीद अधिकारी बना दिया है। डीएम ने एडीएम वित्त को धान खरीद बढ़ाने का निर्देश दिया है। एक नवंबर से जिले में शुरू धान खरीद की गति बहुत धीमी चल रही है। आए दिन हो रही समीक्षा के बाद भी खरीद में प्रगति नहीं आ पा रही है।
खरीद में अपेक्षित प्रगति नहीं आने पर डीएम रवीश गुप्ता ने एडीएम प्रशासन बी प्रसाद से मुख्य खरीद अधिकारी का प्रभार वापस ले लिया है। डीएम ने अब एडीएम वित्त एवं राजस्व मनोज पांडेय को मुख्य खरीद अधिकारी नामित किया है। डीएम ने मुख्य खरीद अधिकारी से धान खरीद में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने खरीद एजेंसियों से रोजाना प्रगति रिपोर्ट लेने का भी निर्देश दिया है। इसके साथ ही बोरा, धनराशि भुगतान आदि की भी लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है।