सुल्तानपुर। दूबेपुर क्षेत्र से गुजरा धम्मौर, इस्लामगंज-कुड़वार मार्ग दो लेन होगा। मार्ग के दो लेन बनाने व सुदृढ़ीकरण पर करीब साढ़े 20 करोड़ रुपए की लागत आएगी। सांसद मेनका गांधी के प्रयास से तैयार आगणन मंजूरी के लिए पीडब्ल्यूडी मुख्यालय भेजा गया है। मार्ग निर्माण से आवाजाही में सहूलियत मिल सकेगी।
दूबेपुर विकास खंड क्षेत्र से गुजरा धम्मौर, इस्लामगंज-कुड़वार मार्ग की हालत जर्जर है। क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने सांसद मेनका गांधी से मार्ग निर्माण की मांग रखी थी। इस संबंध में सांसद ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था।
सीएम के निर्देश पर शासन ने करीब पौने आठ किमी लंबे मार्ग के निर्माण के लिए कार्ययोजना मांगी थी। शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने धम्मौर, इस्लामगंज-कुड़वार के करीब पौने आठ किमी लंबे मार्ग का 20 करोड़ 66 लाख का आगणन तैयार किया है।
आगणन की मंजूरी अधीक्षण अभियंता व मुख्य अभियंता से मिल गई है। मुख्य अभियंता अयोध्या अनिल मिश्र ने स्वीकृति के लिए इसे पीडब्ल्यूडी मुख्यालय भेज दिया है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक धनराशि से मार्ग को दो लेन करने के साथ ही सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
मार्ग निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में सहूलियत मिल सकेगी। सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार ने बताया कि जल्द ही पीडब्ल्यूडी मुख्यालय से मंजूरी मिल जाएगी। धनराशि आवंटन के बाद मार्ग का निर्माण पीडब्ल्यूडी कराएगा।