रेल दोहरीकरण कार्य के लिए गिट्टी लेकर महारानी पश्चिम पहुंची मालगाड़ी के चार वैगन मंगलवार शाम पटरी से उतर गए। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई है। सूचना पर रेलवे अधिकारियों का दल मौके के लिए रवाना हो गया। डिब्बे साइड ट्रैक पर डिरेल होने से यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा।
मंगलवार की शाम वाराणसी से गिट्टी लादकर मालगाड़ी महारानी पश्चिम स्टेशन पहुंची। नए डबल ट्रैक पर गिट्टियां गिराने के लिए पहुंची मालगाड़ी के चार वैगन स्टेशन के आउटर से गुजरे साइड ट्रैक पर पटरी से उतर गए।
घटना की जानकारी मालगाड़ी के चालक ने कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय से अधिकारियों का दल महारानी पश्चिम के लिए देर शाम रवाना हो गया। साइड ट्रैक पर डिब्बे डिरेल होने से मेन ट्रैफिक के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।