सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फरीदीपुर के पास बृहस्पतिवार की शाम कॉलेज से घर लौट रहे स्कूटी सवार दो छात्रों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक छात्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे से नाराज छात्र कॉलेज से पैदल मार्च करते हुए डीएम आवास पहुंचे और ब्रेकर बनवाए जाने की मांग की। छात्रों का आरोप था कि पूर्व में भी दुर्घटना में कई छात्रों की मौत कॉलेज के पास ही हुई है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बैजापुर गांव निवासी राजकुमार चौरसिया का बेटा चंद्र प्रकाश (23) और नगर क्षेत्र के नवीपुर निवासी सुबोध दूबे का पुत्र सावन (24) गोसाईगंज के फरीदीपुर स्थित केएनआईएमटी से बीबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों छात्र बृहस्पतिवार को एक साथ स्कूटी से कॉलेज गए थे। शाम को लौटते समय कॉलेज से थोड़ी दूर आगे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। हादसे में स्कूटी सवार छात्र चंद्र प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सावन दूबे गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सावन दूबे को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
उधर छात्र की मौत से नाराज सैकड़ा भर छात्र पैदल मार्च करते हुए डीएम आवास पहुंच गए। छात्रों का आरोप था कि कॉलेज के पास आए दिन हादसा होता है। एक अदद ब्रेकर सड़क पर नहीं है। पूर्व में भी कई बार छात्रों ने ब्रेकर की मांग की थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर छात्र शांत हुए। एसओ गोसाईगंज ओमबीर सिंह चौहान ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस कार की पड़ताल कर रही है।