सुल्तानपुर। पं. रामचरित्र मिश्र पीजी कॉलेज पड़ेला के सामने शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से स्नातक की एक छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की मौत से नाराज छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के सामने लखनऊ-बलिया राजमार्ग जाम कर करीब ढाई घंटे प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि कॉलेज के सामने स्पीड ब्रेकर बनवाने के साथ पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। एसडीएम व सीओ ने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद का भरोसा दिया, तब जाकर लोग शांत हुए। करीब ढाई घंटे जाम लगने से यातायात प्रभावित रहा।
कादीपुर क्षेत्र के चतुरपुर गांव निवासी शांतिप्रिय पांडेय की पुत्री गीताजंलि (19) क्षेत्र के पड़ेला में स्थित पं. रामचरित्र मिश्र पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह दस बजे गीताजंलि पैदल ही घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। कॉलेज के गेट के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा को कॉलेज के विद्यार्थी सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो गए और कॉलेज के सामने लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र-छात्राएं मौके पर डीएम को बुलाने, लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर कॉलेज के पास स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने के साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग पर अड़ गए।
एसडीएम महेंद्र कुमार सिंह, सीओ लंभुआ लालचंद्र चौधरी, कादीपुर कोतवाल कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने प्रदर्शनकारी छात्रों को आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। कॉलेज प्रबंधक श्रवण मिश्र ने भी छात्र व छात्राओं को समझाया। करीब ढाई घंटे बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि हादसे के बाद बाइक सवार फरार हो गया। छात्रा के बाबा कृष्ण चंद्र पांडेय की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।