जयसिंहपुर/ दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। खेत से घर लौट रहे साइकिल सवार बुजुर्ग समेत दो लोगों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में घायल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल युवक का उपचार चल रहा है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर निवासी जीतू (65) पुत्र मनोहर बृहस्पतिवार की सुबह गांव के ही जगदेव (35) पुत्र अलगू के साथ खेत देखने गए थे। खेत देखकर दोनों लोग साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में गोसैसिंहपुर नहर के पास पहुंचे थे। तभी अज्ञात वाहन उन्हें रौंदते हुआ निकल गया।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को देते हुए जीतू और जगदेव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जीतू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।