सुल्तानपुर। हृदय रोग से पीड़ित एक कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की बृहस्पतिवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। कोरोना संक्रमण की चपेट में आए बुजुर्ग का लखनऊ में इलाज चल रहा था। हृदयरोग के इलाज के पूर्व हुई जांच में बुजुर्ग में कोरोना की पुष्टि हुई थी। चिकित्सक मौत की वजह हृदय गति का रुकना बता रहे हैं।
दोस्तपुर टाउन एरिया के निवासी करीब 82 वर्षीय लक्ष्मीशंकर मिश्र हृदयरोग व डायबिटीज से पीड़ित थे। दिक्कत ज्यादा बढ़ने पर उनके परिवारीजन इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल ले गए थे। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक इलाज के पूर्व हुई जांच में बुजुर्ग में 29 मई को कोरोना की पुष्टि हुई थी।
उनकी पुत्री अर्चना के मुताबिक कोरोना की पुष्टि के बाद लक्ष्मीशंकर को इलाज के लिए पीजीआई ले जाया गया था। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि पीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान हृदय गति रुकने से बृहस्पतिवार को बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/नोडल अधिकारी उमाकांत त्रिपाठी ने भी बुजुर्ग के मौत की पुष्टि की है।