सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र जयसिंहपुर के होलेपुर गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव कच्चे मकान में साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ने पड़ोसियों पर जमीन विवाद में उसे मारने-पीटने का आरोप लगाया है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के कटरा चंगघूपुर के सवादिया गांव निवासी श्यामू निषाद (26) की शादी भैरोपुर ग्राम पंचायत के होलेपुर गांव में भोला की छोटी बेटी पूषा (24) से हुई थी। शादी के कुछ सालों बाद से ही श्यामू निषाद पत्नी और बच्चों के साथ अपने ससुराल होलेपुर में रहने लगा। बुधवार दोपहर लकड़ी के कुंडे से उसका शव लटकता मिला। पत्नी के शोर पर एकत्र ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और शव को उतरवाया।
पूषा ने बताया की सुबह जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने श्यामू को मारापीटा था, इसीलिए उसने अपनी जान दे दी है। हालांकि पुलिस ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद सिंह ने बताया की शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा।
-
दो बेटियां छोड़ गया श्यामू
श्यामू की शादी से पहले ही उसके ससुर भोला की मौत हो गई थी। सास की दिमागी हालत भी ठीक नहीं है। मृतक मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी उषा (24), बेटी जानवी (6) और मानवी (3) को छोड़ गया है। उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।