सुल्तानपुर। शहर से सटे बैजापुर गांव में मंगलवार की सुबह एक युवती की बेरहमी से हत्या के बाद उसका शव पेड़ से लटका दिया गया। युवती का शवनग्न हालत में था। खेत गए ग्रामीणों ने इसकी सूचना यूपी 100 को दी।
सूचना मिलते ही एसपी हिमांशु कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके का मुआयना किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवती के साथ सामूहिक दरिंदगी की आशंका भी जताई है। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बैजापुर गांव निवासी पूर्व प्रधान रामराज वर्मा के खेत में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ में मंगलवार की सुबह एक युवती का शव दुपट्टे के सहारे नग्न हालत में लटकता पाया गया। यह सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना यूपी 100 के साथ ही कोतवाली देहात थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही यूपी 100 के साथ ही कोतवाली देहात थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर उस पर कपड़े डाले। थानाध्यक्ष शरद कुमार ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना के बाद एसपी हिमांशु कुमार, एएसपी ग्रामीण शिवराज, सीओ लंभुआ विजय मल्ल भी मौके पर पहुंच गए।
फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से नमूना एकत्र किया। एसओ शरद कुमार ने बताया कि युवती के सिर पर गहरी चोट के निशान है। युवती की उम्र करीब 22 वर्ष है। युवती की हत्या की गई है।
शव की शिनाख्त के लिए उसे 72 घंटे तक मॉर्च्यूरी में रखा गया है। यह समय सीमा बीतने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों ने हत्या के पूर्व युवती के साथ दरिंदगी की आशंका भी जताई है। लोगों का मानना है कि वारदात में चार से पांच लोग शामिल रहे होंगे।
बैजापुर गांव में युवती के साथ हुई दरिंदगी और हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस की घोर लापरवाही सामने आई है। ऐसी जघन्य वारदात में पुलिस को सर्वप्रथम युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराना चाहिए था।
जानकारों की मानें तो यदि पोस्टमॉर्टम हत्या के छह से आठ घंटे के अंदर होता है, तभी दुष्कर्म की पुष्टि होती है। समय बीतने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि में दिक्कतें आती हैं।
सुल्तानपुर। एसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि घटना स्थल से फोरेंसिक टीम ने नमूना लिया है। युवती की शिनाख्त के लिए प्रयास किया जा रहा है। डॉग स्क्वॉयड टीम भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।