सुल्तानपुर। चार दिन से सीटी स्कैन मशीन दुरुस्त होने की उम्मीद में मरीजों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। दूर-दूर से जांच के लिए आने वाले मरीज निराश होकर लौट रहे हैं।
बृहस्पतिवार को खुद डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना भी सीटी स्कैन जांच कराने सेंटर पर पहुंची थीं, उन्हें भी लौटना पड़ा था। गंभीर मरीजों को मजबूरन निजी सेंटर पर जांच करवाना पड़ रहा है। प्राइवेट में सीटी स्कैन जांच के तीन हजार रुपये वसूले जा रहे हैं।
जिले के ट्राॅमा सेंटर, अमहट स्थित सीटी स्कैन मशीन बुधवार से खराब पड़ी है। लखनऊ से आए इंजीनियरों ने खराबी दूर करने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। पुणे से इंजीनियर बुलाए गए हैं।
शनिवार को चांदा से आए महफूज अली ने बताया कि तीन दिन से सीटी स्कैन जांच कराने आ रहे हैं। बाहर पता किया तो जांच के तीन हजार रुपये बताए गए। फुलौना से आई श्यामकली लकवा से पीड़ित थीं, गंभीर स्थिति में डॉक्टर की सलाह पर जांच कराने आए परिवारजनों ने मजबूरन निजी सेंटर पर जांच कराई तो उन्हें तीन हजार रुपये भुगतान करना पड़ा।
दो तीन दिन इंतजार करना पड़ सकता
सीटी स्कैन मशीन को दुरुस्त कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है। मशीन का हार्डवेयर सही किया जा चुका है, लेकिन अब खराबी सॉफ्टवेयर में आई है। मरीजों की परेशानी को देखते हुए संबंधित फर्म के अधिकारियों से लगातार बात हो रही है। अभी दो-तीन दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
-डॉ. एसके गोयल, सीएमएस, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सुल्तानपुर।