लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर स्थित सैफुल्लागंज बाजार में मंगलवार की सुबह सड़क पार कर रहे एक युवक को मिनी ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की मांग थी कि बाजार में स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाए। पुलिस के अधिकारियों के आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सैफुल्लागंज बाजार निवासी फैय्याज अहमद (19) पुत्र अनीस अहमद मंगलवार की सुबह बाजार में एक चिकित्सक के यहां दवा लेने के लिए सड़क पार कर रहा था तभी कादीपुर से सुल्तानपुर की ओर आ रहे मिनी ट्रक ने फैय्याज को रौंद दिया।
दुर्घटना में फैय्याज की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सैफुल्लागंज बाजार में सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम व प्रदर्शन की सूचना पाते ही पुलिस के अधिकारी सैफुल्लागंज बाजार पहुंच गए। इंस्पेक्टर आरपी शाही ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि एक हफ्ते में सैफुल्लागंज बाजार में स्पीड ब्रेकर का निर्माण करा दिया जाएगा तब जाकर लोग शांत हुए। करीब घंटे भर चले प्रदर्शन से आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।