रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। परिवारीजन आनन-फानन में युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के घासीपुर गांव निवासी दिलीप कुमार दुबे व धर्मेंद्र के बीच रंजिश चल रही है। शनिवार की सुबह दोनों परिवारों के बीच कहा-सुनी शुरू हो गई। विवाद की जानकारी मिलने के बाद धर्मेंद्र भी मौके पर पहुंच गया।
इसी बीच दिलीप दुबे का पुत्र कुशल उर्फ शुभम (20) घर से बाहर निकला। धर्मेंद्र व उसके दो अन्य सहयोगियों ने शुभम का रास्ता रोक लिया। शुभम जब तक कुछ समझता धर्मेंद्र ने उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया।
गोली शुभम के सिर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। गोली मारने के बाद धर्मेंद्र सहयोगियों समेत मौके से फरार हो गया। परिवारीजन शुभम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने धर्मेंद्र दुबे की बाइक को आग के हवाले कर दिया।