शहर से अठेहा जाने वाले मार्ग पर मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित एसयूवी ने एक छात्रा समेत तीन लोगों को रौंद दिया। दुर्घटना में बाइक सवार देवर-भाभी की जहां मौके पर मौत हो गई वहीं घायल किशोरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रायबरेली रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदगी मेें एसयूवी को आग के हवाले कर दिया। दुर्घटना को लेकर आक्रोश इस कदर था कि पुलिस व प्रशासन के अफसरों को स्थिति पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस जांच में जुटी है।
गौरीगंज थाने के अत्तानगर गांव निवासी सूर्यभान सिंह उर्फ पिंकू (28) अपने भाई शिवभान सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह (32) के साथ बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। देवर-भाभी गांव से निकलकर अठेहा रोड स्थित मनीपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि शहर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित एसयूवी ने उन्हें व साइकिल से स्कूल जा रही जामों थाने के वर्रा गांव निवासी धर्मेंद्र पांडेय की 17 वर्षीय पुत्री हिमांगी को रौंद दिया। हिमांगी मामा के घर रोंहसी बुजुर्ग में रहकर पढ़ाई करती है। दुर्घटना के बाद एसयूवी पलट गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
दुर्घटना में देवर-भाभी की जहां मौके पर मौत हो गई वहीं छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद एसयूवी सवार युवक मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने छात्रा को जिला अस्पताल भेजने के बाद रोड पर जाम लगा दिया। दुर्घटना व रोड जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन एसडीएम गौरीगंज मोतीलाल यादव, सीओ अमेठी जटाशंकर मिश्र, सीओ आलोक कुमार अग्रहरि पांच थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की। कड़ी मशक्कत से करीब डेढ़ घंटे बाद रोड जाम समाप्त हुआ।
जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हालांकि इस बीच पुलिस की मौजूदगी में आक्रोशित ग्रामीणों ने एसयूवी को आग के हवाले कर दिया। सूर्यभान के चाचा इंद्रबहादुर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने एसयूवी चालक व मालिक ओमप्रकाश तिवारी निवासी कटरा लालगंज थाना गौरीगंज के खिलाफ केस दर्ज किया है। दुर्घटना के वक्त बाइक सवार हेल्मेट पहने था।