यूनियन बैंक करेंसी चेस्ट को तोड़ने का प्रयास
बभनान शाखा में सोमवार की रात खिड़की के रास्ते घुसे थे चोर
बभनान(गोंडा)। बभनान कस्बा स्थित यूनियन बैंक की शाखा में सोमवार की रात चोरों ने करेंसी चेस्ट का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यूनियन बैंक शाखा बभनान में उस समय हड़कंप मच गया जब मंगलवार की सुबह कर्मचारियों ने बैंक का मुख्य गेट खोलकर अंदर घुसे। देखा बैंक के पीछे बाथरूम की खिड़की टूटी हुई थी और बगल में कमरे का दरवाजा गैस कटर से काटकर चोरों ने करेंसी चेस्ट को खोलने का प्रयास किया। सबसे अहम बात यह है कि बैंक में लगा सीसीटीवी के केबिल को चोरों ने पहले ही काट दिय था। प्रबंधक हरिपाल सिंह ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ बैंक के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। करेंसी चेस्ट को सुरक्षित रखा गया है। जब तक उच्च अधिकारी जांच नहीं कर लेंगे तब तक चेस्ट करेंसी को खोला नहीं जाएगा। सूचना पाकर मौके पर प्रभारी निरीक्षक गौर ओपी यादव व फॉरेंसिक टीम के लोग मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। शाखा प्रबंधक ने तहरीर दी है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।