आप नेता व चर्चित कवि डॉ. कुमार विश्वास के खिलाफ एसीजेएम षष्टम अनिल कुमार सेठ ने गौरीगंज थाने का घेराव करने के मामले में मंगलवार को जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 17 फरवरी को होगी।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा के चुनाव प्रचार के दौरान डॉ. कुमार विश्वास के खिलाफ गौरीगंज थाने का घेराव करने के आरोप में तत्कालीन थानाध्यक्ष रतन सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस की चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने बीते दिनों डॉ. कुमार विश्वास के खिलाफ समन जारी किया था। आप नेता पर समन तामील कराने के लिए कोर्ट ने अमेठी के एसपी और और गाजियाबाद जिले के एसएसपी को पत्र भेजा था।
कोर्ट के आदेश पर गौरीगंज थाने के एसआई संतोष कुमार पांडेय ने बीते एक दिसंबर को डॉ. कुमार विश्वास के गाजियाबाद जिले के वसुंधरा स्थित उनके मकान पर मैनेजर प्रबुद्ध को समन तामील कराया था जबकि कुमार विश्वास ने हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया था। इसकी रिपोर्ट एसआई ने अदालत में दाखिल कर दी है।