शहर के गभिड़या मोहल्ले में शनिवार की रात दो युवकों पर एसिड से हमला किया गया। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने अभी तक कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गभड़िया निवासी मेराज खां (30) पुत्र तफज्जुल शनिवार की रात करीब 10 बजे मोहल्ले में स्थित आरा मशीन पर अपने दोस्त संतोष (35) पुत्र बिरतंती निवासी सकरा थाना पीपरपुर के साथ बैठे थे तभी किसी ने दोनों पर तेजाब फेंक दिया। एसिड हमले में घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मेराज को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
इस बाबत नगर कोतवाल वीपी सिंह ने बताया कि एसिड के हमले से घायल युवकों के परिवारीजनों अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। जांच के दौरान यह नहीं पता चल सका कि दोनों पर किसने एसिड फेंका है।