चोरी की एसयूवी के साथ बल्दीराय पुलिस ने मंगलवार को दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर एक बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कोर्ट भेजा है।
बल्दीराय थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह व उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह मंगलवार की दोपहर क्षेत्र में निकले थे। इस बीच उन्होंने कनेहटी मोड़ के पास एक एसयूवी को रोका। पुलिस ने उस पर सवार दो युवकों से गाड़ी के कागजात मांगे।
कागजात न मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। दोनों युवकों को पुलिस थाने ले आई। पकड़े गए युवकों की पहचान कूरेभार थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी सत्य प्रकाश उर्फ सोनू व इसी थाना क्षेत्र के आरडीह मजरे पीरो सरैया निवासी प्रदीप तिवारी के रूप में हुई।
गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट की खोज करने पर पता चला कि वह बाइक का नंबर है। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने पुलिस को सच्चाई बताई। युवकों ने एसयूवी चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की है। एसओ ने बताया कि बुधवार को आरोपियों का चालान कोर्ट भेजा गया है।