भीषण कोहरे की वजह से बृहस्पतिवार सुबह स्थानीय थाने के कुड़वा रामपुर के पास दो ट्रकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गईं। दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ट्रक के चालक व खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना दी।
रायबरेली कोतवाली के अहिया रायपुर निवासी जगमोहन गौरीगंज से लकड़ी लादकर बृहस्पतिवार सुबह रायबरेली जा रहे थे। जगमहोन ट्रक लेकर टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित स्थानीय थाने के कुड़वा रामपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जगमहोन की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद दूसरे ट्रक का चालक व खलासी मौके से भाग निकले।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना प्रभारी निरीक्षक भरतराज सिंह को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जगमोहन के शव को ट्रक से बाहर निकाला। शव को निकालने व उसकी पहचान होने के बाद प्रभारी निरीक्षक ने दुर्घटना की जानकारी चालक के परिवारीजनों को दी। परिवारीजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा। प्रभारी निरीक्षक भरतराज सिंह ने बताया कि दोनो ट्रकों को कब्जे में ले लिया गया है।